बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में स्वदेशी विषय पर विशेष बैठक आयोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शनिवार 4 अप्रैल को विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय राष्ट्रीय सह-संगठक सतीश उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुख्य अतिथि ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों के साथ संवाद स्थापित किया।

सतीश ने स्वदेशी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। उन्होंने सभी को स्वदेशी उत्पादों एवं सेवाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाकर हम न केवल अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब वह अपने उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय उत्पादों और अपनी भाषा पर गर्व करे तथा उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करे। सतीश ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में स्वदेशी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करें और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से स्वदेशी विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद न केवल शिक्षकों को प्रेरित करते हैं, बल्कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को भी समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बैठक से प्राप्त विचारों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों में समाहित किया जाएगा।

बैठक के दौरान स्वदेशी जागरण मंच के अवध प्रांत के प्रांत संयोजक प्रो. अमित सिंह वत्स, आईक्यूएसी डॉयरेक्टर प्रो. शिल्पी वर्मा, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button