
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : संसाधनों के कुशल उपयोग तथा स्वच्छ रेलवे नेटवर्क के निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अंकित सचान के नेतृत्व में लखनऊ मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान स्क्रैप बिक्री के माध्यम से 55.10 करोड़ रूपये का रेल राजस्व अर्जित कर पूर्वाेत्तर रेलवे के तीनों मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि भंडार विभाग की टीम के समन्वित एवं सतत प्रयासों का परिणाम है। लखनऊ मंडल ने इस अवधि में 612 परित्यक्त आवासों एवं संरचनाओं का रिकॉर्ड निस्तारण किया, जिसमें गोंडा परिक्षेत्र के 263 परित्यक्त आवास शामिल हैं। इन संरचनाओं के हटाए जाने से न केवल अव्यवस्थित परिसरों का सुधार हुआ, बल्कि स्टेशनों के विकास कार्यों में भी गति आई। विशेष रूप से, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे नवीनीकरण कार्यों में बाधाएं दूर होने से कार्य निष्पादन में तेजी आई है।
इसके अतिरिक्त, लखनऊ मंडल द्वारा 10.944 मीट्रिक टन ई-स्क्रैप (इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट) का निस्तारण किया गया, जो ई-अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत रेल परिसरों एवं पटरियों के आसपास पड़ी निष्प्रयोज्य सामग्री, परित्यक्त भवनों एवं आवासों की पहचान कर व्यवस्थित रूप से हटाया गया। इस अभियान से जहां एक ओर राजस्व में वृद्धि हुई, वहीं दूसरी ओर रेलवे परिसरों की स्वच्छता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।