
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : गुरुवार 26 मार्च, 2026 को लखनऊ स्थित न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स (NCC) वाशिंग लाइन में मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग एवं वैगन) देवेश शर्मा के साथ विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित संचालन एवं यात्रियों की सुविधा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लखनऊ मेल रेक के पहियों की प्रोफाइल का परीक्षण टायर डिफेक्ट गेज द्वारा किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि पहिए निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं।

इसके अतिरिक्त, एसी कोचों में स्थापित फायर सेफ्टी अलार्म सिस्टम की विस्तृत जांच की गई। परीक्षण के दौरान स्मोक सेंसिंग, अलार्म एक्टिवेशन, ब्रेक एप्लीकेशन एवं हूटर साउंड से संबंधित सभी चरणों को परखा गया, जो सभी सुचारू एवं संतोषजनक रूप से कार्यरत पाए गए। कोचों में चेन पुलिंग (ACP) प्रणाली की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया गया, जिसे विभिन्न केबिनों से जांचा गया और यह पूरी तरह क्रियाशील पाई गई। साथ ही इसकी रीसेटिंग व्यवस्था भी सही एवं प्रभावी पाई गई। यात्रियों की स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों में कीटनाशक (पेस्ट कंट्रोल) के उपयोग की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यरत कर्मचारियों की सतर्कता, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग तथा कार्य के प्रति उनकी दक्षता संतोषजनक पाई गई।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाते रहेंगे।