
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के प्राकट्य दिवस शुक्रवार 27 मार्च 2026 के पावन अवसर पर आयोजित सामूहिक “चित्रकूट गौरव दिवस” कार्यक्रम में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के नेतृत्व में एक लाख दीपों के प्रज्वलन के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता करेगा। यह भव्य आयोजन हर्ष और उल्लास के वातावरण में संपन्न होगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा सतना-चित्रकूट मुख्य मार्ग स्थित मुख्य परिसर, परिक्रमा बाईपास मार्ग पर स्थित कृषि परिसर तथा इससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियां विश्वविद्यालय स्तर पर प्रारंभ कर दी गई हैं।
आयोजक मंडल द्वारा सामूहिक आयोजन हेतु चिन्हित स्थलों के लिए एक लाख मिट्टी के दीपक, घी-तेल युक्त रुई की बत्तियों सहित सभी आवश्यक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। आज कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने दीप प्रज्वलन हेतु चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा आयोजन समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने बताया कि इस भव्य आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय के सभी संकायों, विभागों एवं अनुभागों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।
ग्रामोदय विश्वविद्यालय में दीप प्रज्वलन हेतु दायित्व निर्धारित दीप प्रज्वलन के सफल संचालन हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संकाय एवं विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार—
स्फटिक शिला से विश्वविद्यालय गेट तक — कला संकाय
विश्वविद्यालय गेट से दूरसंचार कार्यालय तक — विज्ञान एवं पर्यावरण संकाय
दूरसंचार कार्यालय से सैनिक भवन तक — अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय
सैनिक भवन से सतना बाईपास तक — ग्रामीण विकास एवं प्रबंधन संकाय
कृषि फार्म परिसर एवं मार्ग — कृषि संकाय
विश्वविद्यालय गेट एवं मुख्य परिसर — वैदेही एवं अनुसुइया छात्रावास
अतिथि गृह — अतिथि गृह प्रभारी एवं स्टाफ
रजत जयंती भवन — संबंधित कर्मचारीगण
सभी संकायों के अधिष्ठाता, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्वलन का कार्य संपादित करेंगे।
