
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : भारतीय रेल, महिला यात्रियों तथा अपनी महिला कर्मचारियों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियाँ संचालित करती है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। ट्रेनों में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा गर्भवती महिलाओं के लिए आरक्षित एवं निचली बर्थ की विशेष व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त कई स्टेशनों पर महिलाओं के लिए अलग आरक्षण काउंटर, प्रतीक्षालय और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के अनारक्षित डिब्बों में भी महिलाओं के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है।

महिला कर्मचारियों के कल्याण के लिए भारतीय रेल द्वारा बाल देखभाल (क्रेच) सुविधा, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा छात्रवृत्ति जैसी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। रविवार जालंधर सिटी स्टेशन पर बुकिंग, सुरक्षा, सिग्नलिंग तथा ट्रैक मेंटेनेंस सहित सभी परिचालन और रखरखाव संबंधी कार्य पूर्णतः महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किए गए। इसके अलावा जलंधर सिटी से फिरोजपुर कैंट के बीच चली रेलगाड़ी संख्या 54643 का परिचालन पूरी तरह महिला रेलकर्मियों के जिम्मे रहा। ट्रेन संख्या 54643 को महिला पॉइंट्समैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर, जलंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से “फोर्ट्रेस टिकट जांच” अभियान चलाया गया जो पूरी तरह महिला टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान कुल 220 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹ 1,11,000/- का राजस्व वसूला गया।

रविवार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने महिला कर्मचारियों को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में युवा लड़कियों को रेलवे में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अब एक पहल की गई, विभिन्न स्कूलों से आई हुई छात्राओं को दिखाया गया कि महिलाएँ स्टेशन संचालन का नेतृत्व कर रही हैं, ट्रेनें चला रही हैं, लोको और पटरियों के रखरखाव का कार्य भी संभाल रही हैं। फिरोजपुर मंडल रेलवे महिला यात्रियों के सौहार्दपूर्ण एवं अनुकूल कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।