रेलवे बोर्ड के महानिदेशक / सुरक्षा एवं महानिदेशक / आरपीएफ द्वारा लखनऊ मंडल का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं स्टेशन परिसरों में भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार 06 मार्च, 2026 को रेलवे बोर्ड के महानिदेशक/सुरक्षा हितेन्द्र मल्होत्रा तथा महानिदेशक/रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सुश्री सोनाली मिश्रा द्वारा उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अंतर्गत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त पंकज गंगवार, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक सुश्री मोनिका अग्निहोत्री, रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक/सुरक्षा (यातायात) मुकुल कुमार मंडल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे ।

निरीक्षण कार्यक्रम में सर्वप्रथम लखनऊ (चारबाग) रेलवे स्टेशन पर RITES द्वारा तैयार की गई भीड़ प्रबंधन एवं होल्डिंग एरिया से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इसमें स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी प्रदान की गई।इसके पश्चात चारबाग स्टेशन के सम्पूर्ण सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण कर बेहतर भीड़ प्रबंधन योजना तथा होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम के अगले चरण में चारबाग स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन एवं समीक्षा की गई। रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा द्वितीय प्रवेश द्वार के विकास से संबंधित कार्यों तथा प्रस्तावित आधुनिक यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। निरीक्षण के अगले क्रम में महानिदेशक/सुरक्षा हितेन्द्र मल्होत्रा का मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ आगमन हुआ, जहां मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा की उपस्थिति में मंडल सम्मेलन कक्ष में एक विस्तृत बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी (PCSO/NR) पंकज कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलिमा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक, शूरवीर सिंह चौहान सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button