
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सभागार में होली पर्व के अवसर पर संभावित यात्री भीड़ की सुव्यवस्थित निकासी एवं प्रभावी प्रबंधन, यात्री सुविधा एवं वाणिज्यिक गतिविधियों का सुचारू गंढ़ से संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वाेत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक जायसवाल ने होली के दौरान बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए प्रमुख गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन हेतु यूटीएस की प्रत्येक दो घंटे की रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा करते हुए डिमांड तुरन्त परिचालन विभाग को भेजने के निर्देश दिये। प्रमुख स्टेशनों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, कतार प्रबंधन, अतिरिक्त वाणिज्य एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा उद्घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। आरक्षण स्थिति, तत्काल बुकिंग तथा प्रतीक्षा सूची की नियमित समीक्षा कर उपलब्ध सीटों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अनारक्षित यात्रियों की सुविधा हेतु पर्याप्त टिकट काउंटर एवं ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन संचालित रखने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सीय सहायता एवं सहायता केंद्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आरपीएफ / जीआरपी के साथ समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया। ट्रनों के सही उद्घोषणा किये जाने, सभी कोच गाइडेंस सिस्टम का अतिरिक्त बैक अप बनाने, स्टेशनों की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, वाटर टैप में पानी की उपलब्धता, वाटर वेडिंग मशीन का संचालन, खानपान यूनिट का प्रॉपर संचालन, वेटिंग रुम की प्रॉपर मैनिंग, दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं के साथ अन्य सभी यात्री सुविधा सुनिश्चित किये जाने हेतु निर्देश दिया।
बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, सहायक वाणिज्य प्रबंधक/ एफएम सहायक वाणिज्य प्रबंधक पी एम, वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं संबंधित ईकाईयों के पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।