अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सप्त दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज, लखनऊ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ प्रथम दिवस पर उत्साहपूर्ण उद्घाटन समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई, जिसके पश्चात एनएसएस गीत, शिक्षा पर आधारित लघु नाटक तथा रंगारंग पंजाबी नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

एनएसएस इकाई की अध्यक्ष अनुष्का यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए एनएसएस के मूल मंत्र “नॉट मी, बट यू” के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि प्रो. अश्विनी कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, लखनऊ तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. अतुल शर्मा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोंडा ने छात्राओं को सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. बीना राय ने छात्राओं को एनएसएस शिविर को व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का सशक्त माध्यम बताया।

कार्यक्रम में एनएसएस अधिकारी श्रीमती मीना कुमारी ने शिविर के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं अपेक्षित परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। दोपहर भोजन के उपरांत आयोजित VLCC कार्यशाला में छात्राओं को ग्रूमिंग, स्किनकेयर, मेकअप एवं एयरब्रश तकनीक से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा प्रतिभागियों को निःशुल्क हेयरकट कूपन भी वितरित किए गए।

इस सफल आयोजन में कॉलेज प्राचार्या प्रो. बीना राय, एनएसएस अधिकारीगण, संस्कृति समिति की सचिव एवं एनएसएस छात्रा समिति का सराहनीय सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button