
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : ऑपरेशन सतर्क के तहत बुधवार, 9 सितंबर 2026 को चारबाग रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 54 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर एक व्यक्ति को भारी ट्रॉली बैग के साथ प्रवेश करते हुए सीसीटीवी कैमरों में देखा गया। सूचना मिलने पर आरपीएफ पोस्ट लखनऊ, सीआईबी लखनऊ एवं जीआरपी थाना लखनऊ की संयुक्त टीम ने 2nd क्लास बुकिंग हॉल के पास संदिग्ध दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद एक ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग से हरियाणा राज्य निर्मित विभिन्न ब्रांडों की कुल 54 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल की क्षमता 750 मिलीलीटर बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब हरियाणा से खरीदकर सड़क मार्ग से लखनऊ लाई गई थी। इसके बाद इसे बिहार ले जाने की योजना थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 84,600 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध जीआरपी थाना लखनऊ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब की तस्करी के प्रयास को विफल किया गया।

