
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार, 9 नवंबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छपरा-भटनी रेलखंड स्थित सीवान जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और रेल परिचालन की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पैदल उपरिगामी पुल, स्वचालित सीढ़ियों, लिफ्ट, प्रतीक्षालय और वाटर बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्मों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग तथा टिकट काउंटरों पर व्यवस्थित कतारें बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उद्घोषणा प्रणाली से ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की नियमित जानकारी देने को कहा।

उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, शिफ्टवार सफाई कराने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए। यात्री आश्रय केंद्र में स्थापित हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और मिनी कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

स्टेशन निरीक्षण के बाद उन्होंने रेलवे कॉलोनी का भी जायजा लिया और रेल कर्मचारियों से उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कॉलोनी में नवनिर्मित पार्क के उचित रखरखाव और सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के पर्यवेक्षक मौजूद रहे।