चित्रकूट में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रामलीला समापन; विभीषण व प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक प्रसंगों से भावविभोर हुए श्रद्धालु

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास के संयुक्त तत्वावधान में पावन राघव प्रयाग घाट पर चल रहे सप्तदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रामलीला उत्सव का भव्य, दिव्य और आध्यात्मिक समापन हो गया है। माँ मंदाकिनी के सुरम्य तट पर आयोजित इस सांस्कृतिक अनुष्ठान के अंतिम दिन देश-विदेश से आए कला साधकों ने रामायण के विभिन्न कालजयी प्रसंगों का जीवंत मंचन कर उपस्थित भारी जनमानस को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

संत समाज और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ समापन संध्या का दीपोत्सव
समापन संध्या का औपचारिक शुभारंभ भरत मंदिर के महंत संत दिव्य जीवन दास जी महाराज, संत राम जन्म दास जी महाराज, खाकी अखाड़ा के संत अमृत दास जी महाराज, संत बिरजू दास जी महाराज, दीनदयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव अभय महाजन, ग्रामोदय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु डॉ. भरत मिश्रा, आरएसएस के खंड कार्यवाह विज्ञान चंद विश्वकर्मा, खंड प्रचारक रविराज सिंह, दीनदयाल शोध संस्थान के वरिष्ठ कार्यकर्ता डॉ. अशोक पांडेय, सतना के जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह कछवाह, जिला योजना समिति सदस्य ओम प्रकाश शर्मा तथा भाजपा सतना के जिला उपाध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर व्यवस्थाओं में मुस्तैदी से लगे नगर के स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन भी किया गया।

उज्जैन की विशाला समिति के कलाकारों ने सीता स्वयंवर से लेकर श्रीराम राज्याभिषेक तक किया मंचन
उत्सव के अंतिम सत्र में विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति (उज्जैन) के कुशल कलाकारों द्वारा सीता स्वयंवर, श्रीराम का अयोध्या में भव्य स्वागत, सीता हरण, लंका में माता सीता का विरह, श्रीराम-रावण युद्ध, रावण वध, विभीषण राज्याभिषेक तथा अंत में प्रभु श्रीराम के अलौकिक राज्याभिषेक व ‘श्रीरामराज्य’ की स्थापना का विस्मयकारी प्रदर्शन किया गया। इस ऐतिहासिक महोत्सव का सफल विधिक संयोजन तुलसी शोध संस्थान की निदेशक डॉ. मंजूषा राजस जोहरी, शासकीय माधव संगीत महाविद्यालय (उज्जैन) के प्रशासनिक प्रभारी डॉ. संजय मिश्रा, विक्रमादित्य शोध पीठ के निदेशक संजीव मालवीय तथा विशाला ग्रुप के सचिव व वरिष्ठ रंगकर्मी बिजेन्द्र वर्मा द्वारा मुस्तैदी से संपन्न कराया गया।

Related Articles

Back to top button