
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने शाखा के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपस्थित रेल कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। भारत सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष यह अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों के तीसरे चरण के साथ एकीकृत किया गया है।अभियान के अंतर्गत उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में रेलवे स्टेशनों एवं अन्य महत्वपूर्ण रेलवे प्रतिष्ठानों को तिरंगा रंगों से रोशन किया जा रहा है तथा लखनऊ एवं वाराणसी जंक्शन सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से देशभक्ति गीतों एवं ‘वंदे मातरम्’ का वादन किया जा रहा है। इस अवसर पर वाराणसी जं. पर एक रैली का आयोजन भी किया गया l मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यस्थलों पर कार्यरत लगभग 20,097 रेल कर्मचारियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए। ध्वज वितरण का उद्देश्य रेल कर्मचारियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करना है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘तिरंगे के साथ सेल्फी’ लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने तथा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने सभी रेलवे कर्मचारियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।




