छपरा कचहरी-थावे रेलखंड का डीआरएम जैन ने किया सघन निरीक्षण; मसरख अमृत भारत स्टेशन के कार्यों में तेजी के निर्देश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा रेल परिचालन में संरक्षा, अभेद्य सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक व्यापक प्रशासनिक व तकनीकी निरीक्षण अभियान चलाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन ने छपरा कचहरी–थावे रेलखंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के अंतर्गत मसरख अमृत भारत स्टेशन सहित विभिन्न स्टेशनों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।

सिधवलिया गुड्स शेड का जायजा और उपकरणों की विधिक व तकनीकी जांच

डीआरएम आशीष जैन ने मसरख स्टेशन पर अमृत भारत योजना के विकास कार्यों की समीक्षा की तथा खैरा, पटेरही, मढ़ौरा, समपार संख्या 18C व 26C, शामकौड़िया, राजापट्टी, दिघवारा, दुबौली, सिधवलिया (निर्माणाधीन गुड्स शेड साइडिंग सहित), रतनसराय, मांझागढ़ एवं गोपालगंज स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को परखा।

उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया की हाई मास्ट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर व पॉइंट्समैन से गाड़ियों के सुरक्षित परिचालन की विधिक जानकारी ली गई तथा पैनल इंटरलॉकिंग, डाटा लॉगर, आपातकालीन बटन, समपार फोन व अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता की सूक्ष्म तकनीकी जांच की गई।

शीर्ष तकनीकी प्रभारियों और कप्तानों की टीम रही मुस्तैद
डीआरएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं में उच्च गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने तथा संरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने के सख्त निर्देश जारी किए। इस वृहद् निरीक्षण अभियान में वाराणसी मंडल के प्रमुख तकनीकी कप्तानों की टीम मुस्तैदी से शामिल रही, जिसमें वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय उपस्थित रहे।

इनके साथ सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक कुमार तथा सहायक मंडल इंजीनियर (छपरा) अरविन्द राय भी धरातल पर मुस्तैद रहे।

Related Articles

Back to top button