‘बृज की रसोई’ ने दुर्गा अष्टमी पर किया 201 कन्याओं का पूजन; आशियाना क्षेत्र में जरूरतमंदों को कराया पौष्टिक भोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की कृपा एवं माँ जगत जननी के आशीर्वाद से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) के प्रमुख सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ द्वारा दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर सेवा, समरसता और अपनत्व का एक अनूठा संदेश दिया गया। संस्था ने आशियाना के विभिन्न चिन्हित स्थानों में पौष्टिक निःशुल्क भोजन वितरण करने के साथ ही स्थानीय श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया।

101 के संकल्प के विरुद्ध 201 कन्याओं का हुआ भव्य विधिक व पारंपरिक पूजन
संस्था ने पूर्व में 101 कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया था, परंतु समाजसेवियों के सहयोग से इसे बढ़ाकर 201 कन्याओं का भव्य पूजन व महाप्रसाद वितरण संपन्न किया गया। इस दौरान कन्याओं को हलुआ, चने की सब्जी, पूड़ी, फल (केला) के साथ उपहार स्वरूप स्टील की भोजन थाल तथा ₹10 की दक्षिणा विधिक रूप से अर्पित की गई। इसके साथ ही, क्षेत्र के सैकड़ों भूखे व जरूरतमंद लोगों को आदरपूर्वक बैठाकर चना, आलू-चावल एवं हलुआ का पौष्टिक भोजन वितरित किया गया।

नारी शक्ति के सम्मान और मानवता की मुहिम से जुड़े स्वयंसेवक
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने इस मानवीय मुहिम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान, करुणा और सेवा की प्रेरणा देता है। माँ भगवती की सच्ची आराधना तभी सार्थक है जब समाज का कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।

इस वृहद् सेवा अभियान को धरातल पर सफल बनाने में जालिम सिंह, विजय पाल सिंह, संजय श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, आशीष श्रीवास्तव, नवलेश सिंह, दीपक भुटियानी, विकास पाण्डेय, शक्ति सिंह, रामू द्विवेदी, शिवसागर, अखिलेश सिंह तथा मुकेश कनौजिया सहित भारी संख्या में समर्पित स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय व सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button