अलीगंज – आईटीआई में विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया वृक्षारोपण, बोले- ‘पेड़ की देखभाल माँ की सेवा जैसी’

राहुल यादव, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप वातावरण को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रविवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज, लखनऊ में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ० नीरज बोरा ने संस्थान के मुख्य लॉन में समस्त कार्यदेशकों, अनुदेशकों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षार्थियों की उपस्थिति में पौधरोपण किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि पेड़ लगाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए वृक्ष लगाना एवं बाद में उसकी देखभाल करना वैसा ही है जैसे अपनी माँ की देखभाल करना। पेड़ ही हमें प्राणवायु देते हैं, इसलिए इनका संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकेगा।

संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने भी वृक्षारोपण कर संस्थान को हरा-भरा रखने के लिए सभी को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वन विभाग, लखनऊ से प्राप्त 6000 पौधों को 11 जुलाई को ही जनपद की सभी शाखा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों व निजी संस्थानों में वितरित करा दिया गया था, जिनका आज एक साथ रोपण कर दिया गया है।

कार्यक्रम में राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज, लखनऊ की प्रधानाचार्य शिवानी पंकज ने भी वृक्षारोपण किया। संस्थान के समस्त कार्यदेशकों, अनुदेशकों, कर्मचारियों तथा प्रशिक्षार्थियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने कहा कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल के निर्देश पर व्यावसायिक शिक्षा विभाग के सभी संस्थान ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग कर नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button