अल्सरट्रेटिव कोलाइटिस बीमारी से पीड़ित हैं शिंजो आबे, प्रधानमंत्री शिंजो आबे अपने पद से दे सकते हैं इस्तीफा

एक तरफ जहां दुनिया भर के ज्यादातर देश कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं, इसी बीच जापान से एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं।

वह शुक्रवार को ही इस बात का ऐलान कर सकते हैं। इस मामले में जापानी मीडिया नेशनल ब्रॉडकास्टर एनएचके के हवाले से इस बात की जानकारी दी गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक शिंजो आबे पिछले काफी समय से बीमार रह रहे हैं, इसके चलते उन्हें कुछ समय पहले ही अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। ऐसे में वह अपने काम पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे। उनका कार्यकाल भी सितंबर 2021 को खत्म हो रहा है। ऐसे में अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि 65 साल के शिंजो आबे अपने इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि वह पिछले एक सप्ताह में दो बार हॉस्पिटल जा चुके हैं। वहीं शिंजो आबे के इस्तीफे के बीच जापान का शेयर बाजार धराशायी हो गया है।

यही नहीं शिंजो आबे की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी इन दिनों कई घोटालों के आरोपों से जूझ रही है। बताया जा रहा है कि शिंजो आबे को आंत की बीमारी है और वह अल्सरट्रेटिव कोलाइटिस से जूझ रहे हैं।

इस बीमारी की वजह से शिंजो आबे को साल 2007 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भी इस्तीफा देना पड़ा था। यह इस्तीफा उन्होंने एक साल बाद ही दे दिया था।

हालांकि इसके बाद वह नियमित इलाज की वजह से अपनी इस बीमारी को कंट्रोल किए हुए थे। हालांकि अब एक बार फिर से उनकी तबीयत होने की वजह से उन्हें अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और यह भी कयास लग रहे हैं कि वह जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

Related Articles

Back to top button