
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : छठ महापर्व पर अपने घरों को जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। खासकर पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा और भीड़ के प्रबंधन के लिए रेलवे अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
उत्तर रेलवे के अनुसार, आज 11 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से कुल 31 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 10, आनंद विहार टर्मिनल से 8, शकूरबस्ती से 7, हजरत निजामुद्दीन से 4, दिल्ली जंक्शन से 1 और रोहतक से 1 विशेष ट्रेन शामिल है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ और मांग के अनुसार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।
वहीं, 12 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से कुल 29 विशेष ट्रेनें संचालित करने की योजना है। इनमें नई दिल्ली से 7, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, रोहतक से 1 और दिल्ली सराय रोहिल्ला से 1 ट्रेन शामिल है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
रेलवे ने बताया कि 10 नवंबर को निर्धारित 27 विशेष ट्रेनों के अलावा यात्रियों की भीड़ को देखते हुए तीन अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई गई थीं। इसी तरह आज भी भीड़ की स्थिति का आकलन कर आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
दिल्ली मंडल के डीआरएम, एडीआरएम और वरिष्ठ अधिकारी मुख्यालय के अधिकारियों के साथ प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य छठ पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
