छठ महापर्व की तैयारियों का मंत्री शर्मा ने किया निरीक्षण, कुड़िया घाट पर व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : आगामी छठ महापर्व को लेकर राजधानी के घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं और व्रतियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य पूजा से पहले गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें घाटों की साफ-सफाई, आकर्षक चित्रकारी और बेहतर प्रकाश व्यवस्था को लेकर लगातार काम कर रही हैं, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मना सकें।

मंत्री ए.के. शर्मा ने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे रास्ते का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मार्ग निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता और आवागमन की सुगमता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो।

उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन, सुरक्षा और अन्य जरूरी जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार सहित नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button