यूपी के सभी 18 मंडलों में स्थापित हुईं खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं, जांच क्षमता में कई गुना वृद्धि

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश में जांच व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित कर दी हैं। इनमें 12 मंडलों में नई प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं, जबकि छह मंडलों की पहले से संचालित प्रयोगशालाओं को अपग्रेड किया गया है।

इससे खाद्य पदार्थों की सालाना जांच क्षमता 30 हजार से बढ़कर 1.08 लाख नमूने और दवाओं की जांच क्षमता 12,500 से बढ़कर 60 हजार नमूने हो गई है। इससे नमूनों की जांच में तेजी आएगी और मिलावटखोरों तथा अमानक उत्पादों के कारोबारियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई संभव होगी।

विभाग के अनुसार, आजमगढ़, बस्ती, देवीपाटन, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूटधाम, मीरजापुर, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और सहारनपुर मंडलों में नई प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें कानपुर, अलीगढ़, सहारनपुर और अयोध्या में पहले से सर्विलांस जांच हो रही थी। अन्य नई प्रयोगशालाओं में 31 अक्टूबर से सर्विलांस जांच शुरू हो गई है। लखनऊ, आगरा, मेरठ, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी में पहले से प्रयोगशालाएं संचालित थीं।

प्रयोगशालाओं में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 357 कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 457 कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) की भर्ती प्रक्रियाधीन है।

सरकार का मानना है कि जांच क्षमता बढ़ने से खाद्य पदार्थों और दवाओं में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। साथ ही विभाग का ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान भी गति पकड़ेगा। इससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button