68,500 शिक्षक भर्ती की आरक्षण विसंगति को लेकर 70वें दिन भी जारी रहा अभ्यर्थियों का धरना

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण विसंगति को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन दीपावली के बाद भी जारी है। सोमवार को लखनऊ के इको गार्डन में आंदोलन के 70वें दिन सैकड़ों अभ्यर्थियों ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि न्याय और नियुक्ति मिलने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले सात वर्षों से आरक्षण विसंगति के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति ने ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए भर्ती परिणाम संशोधित करने तथा पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच की संस्तुति भी की गई है।

सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने बताया कि 10 सितंबर 2026 को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी के तहत रखते हुए भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का विषय उठा था। बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद परिणाम संशोधन और नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी लगातार मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपनी मांग उठा रहे हैं। नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार भी उन्हें धरना स्थल पर ही मनाने पड़े। उन्होंने दोहराया कि नियुक्ति मिलने तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

सोमवार को धरने में नवीन चौधरी, उत्कर्ष पटेल, अमित यादव, सोनू वर्मा, रिपुदमन पटेल, आरिफ, अनस, सुनील, घनश्याम, नसीम, दीपक पटेल और अबरार सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button