
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पूर्वी भारत स्थित अपने घरों को जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
वर्ष 2025 में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थायी होल्डिंग एरिया के अतिरिक्त आनंद विहार टर्मिनल पर भी स्थायी होल्डिंग एरिया शुरू किया गया है। इसके साथ ही आनंद विहार टर्मिनल पर अस्थायी होल्डिंग एरिया के रूप में टेंट की व्यवस्था भी की गई है।
इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए यूटीएस टिकट काउंटर, शौचालय, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम), खानपान स्टॉल, ‘माय आई हेल्प यू’ बूथ और उद्घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों को सही मार्गदर्शन और सहायता देने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं, प्रमुख स्टेशनों पर छठ पर्व के गीत भी प्रसारित किए जा रहे हैं।
आज दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 23 विशेष रेलगाड़ियां चलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से 8, नई दिल्ली से 6, हजरत निजामुद्दीन से 3, शकूरबस्ती से 3, दिल्ली जंक्शन से 2 और रोहतक से 1 विशेष ट्रेन शामिल है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर पूर्व निर्धारित विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त अल्प सूचना पर भी नई विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक और मुख्यालय व मंडल के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशनों पर व्यवस्थाओं तथा यात्रियों की भीड़ पर लगातार नजर रख रहे हैं।