जयपुर – गया के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने जयपुर एवं गया के बीच एक-एक ट्रिप अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष रेलसेवा से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09723 जयपुर-गया स्पेशल ट्रेन 9 नवंबर 2026 को जयपुर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:30 बजे गया पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 09724 गया-जयपुर स्पेशल ट्रेन 10 नवंबर को गया से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे जयपुर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यात्रा के दौरान ट्रेन गांधीनगर जयपुर, खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे मार्ग में आने वाले विभिन्न शहरों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

15 डिब्बों के साथ होगा संचालन

रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में कुल 15 डिब्बे होंगे। इनमें 13 अनारक्षित कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से की गई इस विशेष व्यवस्था से यात्रियों को यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

Related Articles

Back to top button