
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारतीय सेना में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सैन्य सेवाओं में करियर के अवसरों से अवगत कराने के उद्देश्य से 2 नवंबर 2026 को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एएमसी लखनऊ में आउटरीच एवं संवादात्मक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के एडीजी मेजर जनरल मनीष कुमार, वाईएसएम, एसएम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), लखनऊ के निदेशक कर्नल कपिल सारस्वत ने किया। उल्लेखनीय है कि मेजर जनरल मनीष कुमार इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं।
कार्यक्रम में भर्ती कार्यालय की टीम से मेजर मो. फसीथ, सूबेदार मेजर जगवीर सिंह और हवलदार क्लर्क अजीत कुमार शामिल हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुबोध अग्निहोत्री, 15 शिक्षक-कर्मचारियों तथा लगभग 500 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय सेना में भर्ती के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से अधिकारी प्रवेश और अग्निपथ योजना पर चर्चा की गई। एनडीए, आईएमए, ओटीए एवं एएमसी के माध्यम से अधिकारी बनने की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, ऑनलाइन परीक्षाओं और एसएसबी साक्षात्कार के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अलावा अग्निवीर चयन प्रक्रिया तथा भर्ती वर्ष 2026-27 की भर्ती रैली के बारे में भी बताया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सेना में अनुशासन, समर्पण, शारीरिक फिटनेस, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं को विशेष रूप से एनडीए सहित सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही युवाओं को विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सेना भर्ती से संबंधित हैंडआउट, पोस्टर और प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम को विद्यार्थियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सेना में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक कर उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना रहा।
