त्योहारों पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश, अनावश्यक कटौती पर ऊर्जा मंत्री सख्त

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के मद्देनजर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रकाश के पर्व पर अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान करने से भी बचने को कहा।

मंत्री ने कल देर रात शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में विजिलेंस टीमों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संगठित रूप से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी करने वालों के बजाय गरीबों, छोटे उपभोक्ताओं और दुकानदारों को परेशान करना उचित नहीं है। बिजली चोरी के मामलों में निष्पक्ष जांच कर बड़े बकायेदारों और संगठित चोरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

झटपट पोर्टल पर नए बिजली कनेक्शनों के आवेदनों के लंबित रहने और निरस्तीकरण पर चिंता जताते हुए उन्होंने तत्काल निस्तारण तथा बिना उचित कारण आवेदन खारिज करने के मामलों की समीक्षा करने को कहा। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने में देरी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि बकायेदारों के कारण नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और बिजली कटौती का सामना न करना पड़े। जरूरत वाले क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों का उच्चीकरण तत्काल किया जाए।

नवसृजित नगर पंचायतों में बिजली व्यवस्था सुधारने पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि नगर विकास विभाग करीब 1,000 करोड़ रुपये उपलब्ध करा चुका है, इसके बावजूद कई जगह ग्रामीण क्षेत्रों जैसी आपूर्ति हो रही है। उन्होंने मुख्यालयों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण बिजली देने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की बात कही।

ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में उपभोक्ताओं को 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर बधाई दी। यह लगातार पांचवें महीने मिलने वाली राहत है, जिसका लाभ घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button