
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू: उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने अपने परिचालन, वाणिज्यिक ढांचे और यात्री सेवाओं को अत्यधिक सुदृढ़ व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और युगांतकारी प्रशासनिक पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विवेक कुमार के कुशल मार्गदर्शन में गठित एक उच्चस्तरीय त्रिसदस्यीय विधिक चयन समिति की संस्तुति पर वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के अंतर्गत कुल 24 अनुभवी सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) रेल कर्मचारियों को पुनः नियुक्ति योजना के तहत वापस सेवा में लिया गया है।
उचित सिंघल, आरिश बंसल और सीमा वी वर्मा की समिति ने पूरी की प्रक्रिया
इस विशेष चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने वाली उच्चस्तरीय समिति में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आरिश बंसल तथा वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी श्रीमती सीमा वी वर्मा मुस्तैदी से शामिल रहे। समिति द्वारा विधिक मानदंडों पर चयनित किए गए इन प्रहरियों में से 19 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वाणिज्य विभाग में तथा 05 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परिचालन विभाग के अति-संवेदनशील व महत्वपूर्ण पदों पर तैनात कर कार्यभार सौंप दिया गया है। वर्ष 2025 में जम्मू मंडल के ऐतिहासिक गठन के बाद यह पहला मौका है, जब इतनी बड़ी संख्या में अनुभवी पूर्व रेल कर्मियों को दोबारा मुख्यधारा से जोड़ा गया है !
त्योहारी सीजन में टिकट बुकिंग, क्राउड मैनेजमेंट और मेंटरशिप को मिलेगी मजबूती
जन सम्पर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह के अनुसार, इन वरिष्ठ प्रहरियों के पास रेल सेवा का दशकों का व्यावहारिक व तकनीकी अनुभव है। इनके आने से रेलवे स्टेशनों पर टिकटिंग, रिजर्वेशन (आरक्षण) और यात्री शिकायत निवारण प्रणालियों में काफी तेजी आई है। इसके साथ ही, आगामी दीवाली व छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के सीजन के दौरान स्टेशनों पर बढ़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित व प्रबंधित (Crowd Management) करने में इनके अनुभव का विशेष लाभ मिलेगा। दूसरी ओर, परिचालन विभाग में इनकी मुस्तैदी से ट्रेनों का सुरक्षित व समयबद्ध संचालन, यांत्रिक शंटिंग प्रक्रिया और स्टेशन प्रबंधन अधिक सुचारू रूप से संचालित होगा, जो वर्तमान में कार्यरत युवा रेल कर्मचारियों के लिए एक बेहतरीन व्यावहारिक मेंटरशिप का कार्य भी करेगा।

