
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे स्टेडियम में आयोजित रेलवे सुरक्षा बल अंतरमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में लखनऊ मंडल की टीम ने रोमांचक खिताबी जीत हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के मुस्तैद नेतृत्व में संपन्न हुए इस महामुकाबले में लखनऊ मंडल ने वाराणसी मंडल को ३ विकेट से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
विवेक राय और निखिल पासवान ने बल्ले से दिखाया दम; पंकज चुघ बने बेस्ट बॉलर
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाराणसी मंडल ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 144 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विवेक राय ने 45 रन तथा रामप्रवेश यादव ने 24 रनों का योगदान दिया। लखनऊ मंडल के गेंदबाज रामनेरश यादव ने 3 विकेट झटके। जवाब में, 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ मंडल की टीम ने 19.3 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया, जिसमें निखिल पासवान के शानदार 43 रन और राजेश यादव के 24 रन शामिल रहे। वाराणसी मंडल की तरफ से स्वयं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 3 विकेट और सुमित खरवार ने 3 विकेट चटकाए।
अमित तिवारी और केदार यादव भी चमके; आरपीएफ टीम को ₹२०,००० का पुरस्कार
समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विजेता व उपविजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफियां प्रदान कीं। फाइनल में 3 विकेट लेने वाले राम नरेश यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’, बरेका के अमित तिवारी को सर्वाधिक 207 रनों के लिए ‘बेस्ट बैट्समैन’, पंकज चुघ को ‘बेस्ट बॉलर’ तथा 9 विकेट व 150 रन बनाने वाले केदार यादव को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से नवाजा गया। डीआरएम ने पहली बार इस सफल आयोजन के लिए आरपीएफ टीम हेतु ₹20,000 तथा ग्राउंड स्टाफ के लिए ₹10,000 की नकद पुरस्कार राशि की घोषणा की।

इस गरिमापूर्ण अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, सहायक सुरक्षा आयुक्त नागेन्द्र महादेव यादव तथा सहायक मंडल इंजीनियर अरविन्द पाण्डेय सहित गोरखपुर मुख्यालय, इज्जतनगर व बरेका के खिलाड़ी मुस्तैदी से उपस्थित रहे।