
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन, स्टेशन सौंदर्यीकरण एवं क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में लखनऊ मण्डल के गोरखपुर परिक्षेत्र में स्थित महत्वपूर्ण स्टेशन डोमिनगढ़ पर ध्यान मुद्रा में महात्मा बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। आकर्षक फव्वारे एवं रंगीन प्रकाश व्यवस्था से सजी यह शांत, ध्यान-मुद्रा में विराजमान बुद्ध प्रतिमा यात्रियों को शांति, करुणा और मैत्री का संदेश दे रही है।
‘विरासत को सम्मान’ और ‘नारी शक्ति को प्रणाम’ का अद्भुत संगम
डोमिनगढ़ स्टेशन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह वर्तमान में पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक से लेकर टिकट आरक्षण, उद्घोषणा, सुरक्षा एवं परिचालन तक की सभी जिम्मेदारियाँ महिला रेलकर्मियों द्वारा कुशलतापूर्वक निर्वहन की जा रही हैं, जो भारतीय रेल में ‘नारी शक्ति’ एवं महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण है। मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि डोमिनगढ़ स्टेशन पर बुद्ध प्रतिमा की स्थापना और महिला संचालन – दोनों ही भारतीय रेल की दो महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताओं – ‘विरासत को सम्मान’ और ‘नारी शक्ति को प्रणाम’ को एक साथ दर्शाते हैं।
बौद्ध सर्किट के प्रवेश द्वार के रूप में डोमिनगढ़ का विशेष महत्व
जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव के अनुसार, डोमिनगढ़ स्टेशन का बौद्ध सर्किट में विशेष स्थान है। यह स्टेशन गोरखपुर के समीप स्थित है और कुशीनगर, लुम्बिनी, श्रावस्ती, कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध स्थलों का प्रवेश द्वार माना जाता है। गोरखपुर से प्रतिवर्ष हजारों देशी-विदेशी बौद्ध श्रद्धालु एवं पर्यटक भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर तथा जन्मस्थली लुम्बिनी की यात्रा के लिए प्रस्थान करते हैं, जिनके लिए यह नव-सौंदर्यीकृत स्टेशन एक सुखद अनुभव प्रदान करेगा।

