80वें स्वतंत्रता दिवस पर पश्चिम मध्य रेल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उत्साह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर / भोपाल : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों तथा कारखानों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अभियान में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रेलवे कर्मचारियों के बीच तिरंगे का वितरण भी किया गया, जिससे कार्यस्थलों और रेलवे परिसरों में देशभक्ति का वातावरण और अधिक सशक्त हुआ।*‘हर घर तिरंगा’* अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना तथा तिरंगे के साथ प्रत्येक भारतीय के भावनात्मक एवं व्यक्तिगत जुड़ाव को मजबूत करना है। यह अभियान देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।पश्चिम मध्य रेल द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे भवनों पर *आकर्षक विद्युत्-सज्जा* की गई ।अभियान के अंतर्गत *भारत स्काउट्स एंड गाइड्स एवं रेलवे स्कूलों के बच्चों द्वारा तिरंगा रैलियां, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा* तथा विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़ी प्रतियोगिताओं सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।इसी श्रृंखला के अंतर्गत *भोपाल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल बैंड की शानदार संगीतमय प्रस्तुति* आयोजित की गई। देशभक्ति की धुनों से स्टेशन परिसर गूंज उठा और यात्रियों एवं उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार हुआ। आरपीएफ बैंड की इस शानदार प्रस्तुति को *व्यापक मीडिया कवरेज* मिला।पश्चिम मध्य रेल परिवार राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बन रहा है। सामूहिक सहभागिता के साथ पश्चिम मध्य रेल *‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’* के संदेश को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button