दिल्ली मंडल ने इलेक्ट्रिक लोको शेड, गाजियाबाद में 300 लोकोमोटिव पर ‘कवच’ प्रणाली स्थापना कार्य पूर्ण किया

‘मेड इन इंडिया’—भारत का कवच

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : भारतीय रेलवे के अंतर्गत विद्युत लोको शेड, गाज़ियाबाद द्वारा शनिवार 16.05.2026 को 300वाँ कवच युक्त लोको सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।। इस उपलब्धि के साथ शेड ने कवच इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इस क्रम में शेड द्वारा सबसे तेज़ 100वाँ लोको कवच, 200वाँ लोको कवच तथा 300वाँ कवच लोको को पूर्ण किया गया। यह उपलब्धि पूरे भारतीय रेलवे में सबसे तेज गति से कवच इंस्टॉलेशन पूर्ण करने वाले लोको शेड के रूप में दर्ज की गई है। इसके साथ ही विद्युत लोको शेड, गाज़ियाबाद ने पूरे भारतीय रेल में सबसे तेज गति से एक ही दिन में लोको संख्या 30623/WAP-7 में कवच इंस्टॉलेशन का कार्य दिनांक 10.09.2024 को पूर्ण कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

इसके अतिरिक्त विद्युत लोको शेड, गाज़ियाबाद द्वारा कवच इंस्टॉलेशन हेतु एक दिवसीय, सात प्रशिक्षण सत्रों का भी सफल आयोजन किया गया, जिसमें पूरे भारतीय रेलवे के 71 लोको शेडों से कुल 309 अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इन प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से कवच प्रणाली की तकनीकी जानकारी एवं इंस्टॉलेशन प्रक्रिया का आदान-प्रदान किया गया, जिससे विभिन्न शेडों में कार्यकुशलता एवं विश्वसनीयता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

यह उपलब्धि विद्युत लोको शेड, गाज़ियाबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण का प्रतीक है, जो भारतीय रेल में सुरक्षित एवं आधुनिक रेल परिचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

Related Articles

Back to top button