
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, हापुड़ / लखनऊ : प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं प्रभारी मंत्री हापुड़ कपिल देव अग्रवाल ने जनपद हापुड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनपद हरदोई से 594 किलोमीटर लंबे मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण का सजीव प्रसारण बहापुर गढ़ स्याना रोड पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह के साथ देखा।
मंत्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला ऐतिहासिक प्रकल्प है। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से मेरठ से प्रयागराज की यात्रा, जो पहले 12 से 14 घंटे में पूरी होती थी, अब मात्र 6 से 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी। इससे आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा, वहीं व्यापार और आवागमन को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि मेरठ के बिजौली ग्राम से प्रारंभ होकर प्रयागराज तक जाने वाला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं जैसे सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी सेवाएं तथा लड़ाकू विमानों के लिए एयर स्ट्रिप की व्यवस्था शामिल है। यह परियोजना प्रदेश के 12 जनपदों को सीधे लाभान्वित करते हुए औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देगी तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगी।

मंत्री अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मिल रहे विकास के चार बड़े उपहार जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे एवं गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब “विकसित उत्तर प्रदेश” की दिशा में निर्णायक कदम हैं।