
राहुल यादव, लखनऊ : समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मंगलवार होली-ईद मिलन सौहार्द समारोह का आयोजन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रहे। समारोह में विभिन्न जिलो से आये समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे। होली-ईद मिलन समारोह में गीत-संगीत की बहार रही। कव्वाली से भी खूब समां बंधा। इस अवसर पर डॉ. राजरतन अम्बेडकर, जो बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसीडेंट है, ने संविधान की प्रति भेंट की।
बाबा साहब के प्रपौत्र डॉ. राजरतन अम्बेडकर ने कहा कि यह देश की खूबसूरती है कि सौ किलोमीटर में लोगों की भाषा, खान-पान, रंग-ढंग बदल जाता है लेकिन 140 करोड़ देशवासियों को इकट्ठा रखने का काम देश के संविधान ने किया। यह इस देश के संविधान की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को संविधान सभा में जाने में रोकने की कोशिश हुई। वर्णवादी व्यवस्था बाबा साहब को संविधान सभा में नहीं जाने देना चाहती थी। बाबा साहब ने संविधान में पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए हर तरह के प्राविधान किए।
डॉ. अम्बेडकर ने कहा कि अखिलेश यादव जी, पीडीए के तहत सबको एकजुट कर रहे हैं। अगर मैं अपने जीवन में इसमें छोटा सा भी हिस्सेदार बन सकूं तो मुझे गर्व होगा कि संविधान बचाने की लड़ाई में साथ था। उन्होंने गुजिया-सेवई कार्यक्रम समारोह के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह का प्रयोग पूरे देश में होना चाहिए जो विभाजनकारी ताकतों को बता दे कि हम भारत के लोग एक है।

कश्मीर के बालीवुड सिंगर शोएब पन्नू तथा शहजाद अली का भी शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस मौके पर शेरो-शायरी का भी दौर चला। प्रसिद्ध कॉमेडियन राजीव निगम ने खूब हंसाया। बॉलीवुड के मशहूर कलाकार शहजाद अली डागर तथा शोएब पन्नू की प्रस्तुतियों ने अलग समां बांध दिया। विधायक आशु मलिक की ओर से होली-ईद पर गुजिया-सेवइयां मिलन समारोह में तमाम लोगों ने गुजिया-सेंवई, छोला-भटूरा और बाटी-चोखा का आनन्द लिया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं गुरु जी उदय प्रताप सिंह के अलावा सांसद हरेन्द्र मलिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, विधायक शाहिद मंजूर, एमएलसी जासमीर अंसारी, विधायक नसीम सोलंकी, विधायक इरफान सोलंकी, नवाब जान, मोहम्मद उमर, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व प्रत्याशी सुश्री पूजा शुक्ला, मौलाना इकबाल कादरी राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, काशीनाथ यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, शकील नदवी प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, धर्मेन्द्र सोलंकी प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, जयसिंह जयंत, नवीन धवन बंटी, देवेन्द्र सिंह जीतू आदि प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।