होली के पावन अवसर पर मंत्री शर्मा ने दी शुभकामनाएं, विकास को और तेज करने का संकल्प दोहराया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने मऊ जनपद में तमसा नदी के पावन तट स्थित हनुमान घाट पर पीपा पुल के निर्माण हेतु विधिवत शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इस बहुप्रतीक्षित कार्य के प्रारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।

अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने कहा कि आज का दिन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि लगभग 100 वर्षों से चली आ रही एक प्रमुख समस्या का समाधान साकार रूप ले रहा है। लंबे समय से तमसा नदी पार करने में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन लगभग बाधित हो जाता था। पीपा पुल के निर्माण से इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव होगा।

उन्होंने कहा कि यह पुल केवल दो भौगोलिक क्षेत्रों को जोड़ने का कार्य नहीं करेगा, बल्कि यह सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दोनों तटों के लोगों के बीच नई कड़ी स्थापित करेगा। कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा छोटे व्यवसायों को भी नई संभावनाएं मिलेंगी। मंत्री शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री शर्मा ने समस्त जनपदवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि जैसे रंगों का यह त्योहार लोगों को एक सूत्र में बांधता है, वैसे ही विकास की यह पहल भी क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button