68500 शिक्षक भर्ती : 8 सितंबर को विधान परिषद में होगी अहम बैठक

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68500 सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए 8 सितंबर 2026 महत्वपूर्ण हो सकता है। उपमुख्यमंत्री एवं विधान परिषद के नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए विधान परिषद में बैठक बुलाई गई है।

3 सितंबर को जारी पत्र के अनुसार बैठक 8 सितंबर को अपराह्न तीन बजे कक्ष संख्या-77, प्रथम तल, विधान परिषद में आयोजित होगी। बैठक में विधान परिषद के प्रथम एवं तृतीय सत्र में शिक्षा विभाग से संबंधित उठाए गए विषयों पर पीठ द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में लंबित मामलों के निस्तारण पर चर्चा होगी।

68500 शिक्षक भर्ती के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि भर्ती में आरक्षण और चयन प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग लंबे समय से की जा रही है। विधान परिषद की सामाजिक एवं संसदीय सद्भाव समिति ने भी संस्तुति की है कि ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी मानते हुए 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर नियुक्ति दी जाए। हालांकि, अभी तक इस संस्तुति का अनुपालन नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि बैठक में उनके मामले पर ठोस निर्णय लिया जाएगा। उनकी मांग है कि चर्चा के साथ लंबित समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button