
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम 2026 के अनुपालन हेतु एक वृहद् जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है। यह विधिक अभियान मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेंद्र सिंह के सीधे निर्देशन में मिशन मोड में संचालित हो रहा है।
इस महाअभियान के तहत मण्डल के प्रमुख स्टेशनों— गोरखपुर जंक्शन, गोंडा जंक्शन, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, बस्ती, खलीलाबाद, सीतापुर, मैलानी जंक्शन तथा अन्य रेलवे इकाइयों में मुस्तैद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, ओबीएचएस (OBHS), पैंट्री स्टाफ, वेंडरों और ठेकेदारों को कचरे को चार विधिक श्रेणियों में पृथक्करण (Segregation) करने की विस्तृत ट्रेनिंग दी गई। स्टेशनों पर तैनात स्वास्थ्य निरीक्षकों और स्वच्छता कर्मियों ने खान-पान विक्रेताओं के साथ मिलकर भव्य रैलियां निकालीं तथा यात्रियों को ‘स्रोत पर पृथक्करण’ एवं ‘क्या करें/क्या न करें’ की विधिक जानकारी दी।

जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, थोक अपशिष्ट उत्पादकों की पहचान कर अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधाओं का भौतिक सत्यापन करते हुए SWM कार्य योजना को पूरी तरह अद्यतन (अपडेट) कर दिया गया है।

