
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में बुधवार को ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की ओर से ‘स्वातंत्र्योत्तर भारत में राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली की देशज प्रवृत्ति: एक दृश्यावलोकन’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की, जबकि मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा (बिहार) के पूर्व कुलपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. हरिकेश सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय कुलगीत का गायन हुआ। आयोजन समिति की अध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए व्याख्यान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि किसी भी देश की शिक्षा प्रणाली उसकी भौगोलिक परिस्थितियों, प्रकृति और सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप होनी चाहिए। प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था का प्रकृति और भारतीय ज्ञान परंपरा से गहरा जुड़ाव था। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।

मुख्य वक्ता प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि भारतीय दर्शन का मूल तत्व सम्यकता और देशजता है। बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर भारतीय ज्ञान परंपरा एवं देशज चिंतन के प्रमुख संरक्षकों में रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय रीति-रिवाजों, सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जीवन मूल्यों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय चेतना विकसित करना भी है।
प्रो. एस. विक्टर बाबू ने मैकाले की शिक्षा नीति के प्रभावों पर चर्चा की, जबकि प्रो. राजशरण शाही ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में शिक्षा को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने का संघर्ष भी शामिल था।

कार्यक्रम में प्रो. सुभाष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में मुख्य अतिथि को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।