‘एक पेड़ माँ के नाम’ – हाथी पार्क में प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने किया पौधारोपण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पर्यावरण संरक्षण और शहर को अधिक हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मंगलवार को लखनऊ के डालीगंज स्थित प्रसिद्ध हाथी पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ पार्क परिसर में पौधारोपण किया।

इस अवसर पर पार्क में छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के लगभग 100 पौधे लगाए गए। इनमें अशोक, अर्जुन, अमरूद, मनोकामिनी, टिकोमा और गुलाचीन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।

कार्यक्रम में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, शशिकांत शशि सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।

Related Articles

Back to top button