
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उप्र सरकार देश के प्रमुख वस्त्र एवं परिधान उद्योग केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में निवेश, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देने के साथ ही हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, बुनकरों और निवेशकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी यू.पी. टेक्स-2026 को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 07 एवं 08 सितंबर 2026 को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित होने वाले यू.पी. टेक्स-2026 से संबंधित रोड शो कार्यक्रम की समीक्षा बैठक मंगलवार को खादी भवन सभागार में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा रेशम उद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में यू.पी. टेक्स-2026 के आयोजन की तैयारियों, प्रमुख गतिविधियों तथा प्रदेश की वस्त्र नीति से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री राकेश सचान ने कहा कि इस रोड शो का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के वस्त्र उद्योग से जुड़े उद्यमियों, निवेशकों और अन्य हितधारकों को राज्य में उपलब्ध सुविधाओं, नीतिगत प्रावधानों और निवेश की संभावनाओं के बारे में जानकारी देना है। साथ ही उनसे सुझाव प्राप्त किए जाएंगे कि वर्तमान उत्तर प्रदेश वस्त्रोद्योग नीति-2022 के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं के अतिरिक्त आगामी नीति में कौन-कौन से नए प्रावधान और सुविधाएं शामिल की जाएं, जिससे उद्योगों को और अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उद्योग जगत की आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगामी वस्त्र नीति को और अधिक प्रभावी एवं निवेशक हितैषी बनाया जाए। इसका उद्देश्य प्रदेश में वस्त्र एवं परिधान उद्योग के विस्तार, नए निवेश, रोजगार सृजन और निर्यात को बढ़ावा देना है, ताकि उत्तर प्रदेश को वस्त्र उद्योग का प्रमुख हब बनाया जा सके।
बैठक में पीएम मित्र पार्क सहित प्रदेश में विकसित किए जा रहे अन्य टेक्सटाइल पार्कों पर भी चर्चा हुई। इन पार्कों में निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा यहां स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। सरकार का प्रयास है कि निवेशक इन पार्कों में भूमि लेकर अपनी इकाइयां स्थापित करें और प्रदेश में वस्त्र क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश को गति मिले। इन पार्कों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी यू.पी. टेक्स-2026 के माध्यम से निवेशकों एवं उद्यमियों तक पहुंचाई जाएगी।
यू.पी. टेक्स-2026 में वस्त्र उद्योग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में लाइव डेमो के माध्यम से हथकरघा उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया, धागा तैयार करने, रेशम के धागे के निर्माण तथा शहतूत के पेड़ पर रेशम के कीड़ों से प्राप्त होने वाले रेशम की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही गारमेंटिंग यूनिट, तकनीकी वस्त्र और वस्त्र उद्योग से जुड़ी अन्य आधुनिक तकनीकों का भी प्रदर्शन होगा। इस प्रकार यू.पी. टेक्स-2026 में आगंतुकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को वस्त्र निर्माण की पारंपरिक प्रक्रियाओं से लेकर आधुनिक एवं तकनीकी वस्त्र क्षेत्र तक की पूरी श्रृंखला को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
दो दिवसीय यू.पी. टेक्स-2026 के दौरान वस्त्र उद्योग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें वस्त्र निर्यात, तकनीकी वस्त्र, रक्षा वस्त्र सहित उद्योग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इन सत्रों के माध्यम से उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं, नई तकनीकों, वैश्विक बाजार की संभावनाओं और उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के हथकरघा, रेशम, परिधान, तकनीकी वस्त्र एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उद्योग, निवेशक, विशेषज्ञ और अन्य हितधारक आपस में संवाद कर सकें तथा उत्तर प्रदेश में वस्त्र उद्योग के विस्तार की नई संभावनाओं पर विचार कर सकें।
यू.पी. टेक्स-2026 का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से प्रदेश की वस्त्र क्षमता, नीतिगत सुविधाओं, निवेश की संभावनाओं और आधुनिक तकनीकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा। योगी सरकार की मंशा है कि उत्तर प्रदेश में वस्त्र उद्योग को केवल पारंपरिक हथकरघा एवं कुटीर गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए आधुनिक परिधान उद्योग, तकनीकी वस्त्र, रक्षा वस्त्र, रेशम, गारमेंटिंग और निर्यात के व्यापक क्षेत्र से जोड़ा जाए। इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और बुनकरों, कारीगरों तथा उद्यमियों को भी व्यापक बाजार उपलब्ध होगा।