
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे में भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को मजबूत करने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को जागरूक किया जाएगा।
सप्ताह के पहले दिन सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने प्रधान कार्यालय में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी बरतने, कानून के नियमों का पालन करने तथा अपने कार्यों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने का संकल्प लिया। साथ ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।
शपथ ग्रहण के बाद महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सतर्कता विषय पर आधारित चित्रों एवं पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सतर्कता जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया। इन गतिविधियों के जरिए रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता के उच्च मानकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत चित्रकला एवं पेंटिंग प्रदर्शनी, काव्य पाठ, हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटकों सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जवाबदेही तथा सत्यनिष्ठा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से संगठन में पारदर्शी कार्यप्रणाली विकसित करने और भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश देते हुए सभी रेलकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।