
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाते हुए, एक सराहनीय कार्य किया है। दिनांक 26 अगस्त 2026 को जम्मू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर नियमित गश्त के दौरान आरपीएफ स्टाफ को एक नाबालिग लड़की अकेली और बेहद घबराई हुई स्थिति में घूमती हुई मिली। सुरक्षा बल के जवानों ने तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला कांस्टेबल ज्योति को मौके पर बुलाया, जिन्होंने बच्ची को ढांढस बंधाया और सुरक्षात्मक ढंग से पूछताछ की। इस संवेदनशील घटना की जानकारी तुरंत बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्यों को भी दी गई।
पूछताछ में पता चला, कि वो बरेली (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली है और कक्षा 12वीं की छात्रा है। उसने खुलासा किया कि पिता द्वारा डांटे जाने के कारण वह नाराज होकर बिना बताए अपने घर से निकल आई थी। मानवता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, बालिका को तुरंत, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जम्मू लाया गया। जहां नियमानुसार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर फर्द सुपुर्दगी तैयार की गई और बालिका को आगे की काउंसलिंग व परिजनों से सकुशल मिलाने हेतु बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया।
राघवेंद्र सिंह, जन सम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल ने बताया कि जम्मू मंडल यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।