
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को राजीव गांधी प्रथम वार्ड के विनीत खण्ड-6 स्थित आजाद पार्क में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित उत्तर प्रदेश का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पार्क परिसर में आंवला, बॉटल ब्रश, गुड़हल, चांदनी एवं गुलचीन सहित विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे रोपे गए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, स्थानीय पार्षद संजय सिंह राठौर एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 12 जुलाई को आयोजित ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 35 करोड़ 27 लाख से अधिक पौधों का रोपण जनसहभागिता की अद्भुत मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से लखनऊ नगर निगम इस अभियान को निरंतर गति दे रहा है। इसी क्रम में आजाद पार्क में पौधारोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व की भांति नगर निगम प्रत्येक मंगलवार को शहर के किसी एक पार्क में विशेष पौधारोपण अभियान संचालित करेगा, जिससे शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और अधिकाधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक नागरिक पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प ले।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। नगर निगम शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, स्थानीय पार्षद संजय सिंह राठौर, जोनल अधिकारी जोन-4 श्रीमती शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला, उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि, गंगाराम गौतम, विनीत खण्ड-6 रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष वी.पी. श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती अर्चना शुक्ला, उपाध्यक्ष कर्नल एन.पी. सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
