लॉकडाउन में अधिकारी मजदूरों की समस्याओं का करें समाधान- सीएम योगी

अशोक यादव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस के संबंध में समीक्षा बैठक की।

बैठक में उन्होंने कोरोना वायरस से निपटने के लिए पूरे प्रदेश में किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के बाद मज़दूरों की समस्याओं को देखते हुए सरकार ने निजी क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को अपने कर्मचारियों के वेतन के भुगतान का निर्देश दिया था।

इसके बाद प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों में 512.98 करोड़ का भुगतान हो चुका। प्रदेश के करीब 24 लाख श्रमिकों को 1000 रुपये की राहत राशि का भुगतान हो चुका है। मुख्यमंत्री ने बचे हुए अन्य लोगों को भी युद्ध स्तर पर राहत राशि देने के निर्देश दिया।

इसके अलावा, सीएम योगी ने निजी क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं, अस्पतालों एवं अन्य कार्यालयों में कार्य करने वाले अस्थायी कर्मचारियों को भी लॉकडाउन की अवधि का मानदेय अनिवार्य रूप से दिलाए जाने का निर्देश दिया है।

उत्तर प्रदेश सरकार राशन वितरण के अगले चरण में प्रदेश के 18 करोड़ लोगों को राशन बांटेगी। राशन वितरण में वह भी शामिल होंगे जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। इसी के साथ यूपी देश में एक दिन में सर्वाधिक अनाज वितरण करने वाला प्रदेश बन गया है।

Related Articles

Back to top button