उत्तर प्रदेश के 15 जिलों के कोविड-19 हॉट स्पॉट 13 अप्रैल तक पूरी तरह सील

अशोक यादव, लखनऊ। यूपी में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए योगी सरकार ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के 15 जिलों के हॉट स्पॉट इलाकों को 13 अप्रैल तक पूरी तरह सील करने के आदेश दिए हैं।

आज रात 12 बजे के बाद लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, वाराणसी, शामली, मेरठ, सीतापुर, बरेली, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, बस्ती, सहारनपुर और महाराजगंज के जिन इलाकों में कोरोना का मरीज पाए गए हैं वो सील कर दिए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन जिलों के हॉटस्पॉट इलाकों को 13 अप्रैल तक पूरी तरह से सील किया जाएगा। 13 अप्रैल को स्थिति की समीक्षा की जाएगी, उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।

इन 15 जगहों पर कोई भी दुकान नहीं खुलेंगी और जरूरी सामानों की होम डिलिवरी होगी। सिर्फ कर्फ्यू पास वालों को आने-जाने की इजाजत होगी।

आगरा में 22, गाजियाबाद में 13, लखनऊ, कानपुर और नोएडा में 12, वाराणसी, महाराजगंज और सहारनपुर में 4, बस्ती, बुलंदशहर, फिरोजाबाद और शामली में 3, सीतापुर में 1 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं जो 14 अप्रैल तक सील रहेंगे।

Related Articles

Back to top button