
अशोक यादव, लखनऊ : नवाबी शहर लखनऊ की मशहूर ‘शर्मा जी की चाय’ ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो के साथ जुड़कर अपने कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2019 में ब्रांड के सालाना ऑर्डर 6,984 थे, जो 2025 में बढ़कर 50,054 से अधिक हो गए। इस तरह छह वर्षों में सालाना ऑर्डर में सात गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। चाय, बन मक्खन और खास गोल समोसे के लिए मशहूर यह ब्रांड अब लखनऊ की खानपान संस्कृति के साथ डिजिटल बाजार में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

‘शर्मा जी की चाय’ की शुरुआत वर्ष 1949 में ओम प्रकाश शर्मा ने हजरतगंज के पास एक छोटी-सी दुकान से की थी। समय के साथ चाय के पारंपरिक स्वाद और ग्राहकों के भरोसे ने इसे शहर की लोकप्रिय खानपान स्थलों में शामिल कर दिया। वर्तमान में परिवार की तीसरी पीढ़ी इस विरासत को आगे बढ़ा रही है। ब्रांड ने हजरतगंज की मूल दुकान से आगे विस्तार करते हुए लखनऊ की फूड वैली में दूसरा आउटलेट भी शुरू किया है।

ब्रांड के मालिक मानव शर्मा ने कहा कि अच्छी चाय, ताजा नाश्ता और अपनापन इसकी पहचान रहे हैं। उन्होंने बताया कि जोमैटो के साथ साझेदारी ने पारंपरिक स्वाद को बरकरार रखते हुए नई पीढ़ी के ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद की है।

जोमैटो के सीईओ आदित्य मंगला ने कहा कि ब्रांड की वृद्धि उसकी मजबूत विरासत और असली स्वाद के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कंपनी छोटे कारोबारों को अधिक ग्राहकों तक पहुंचाने में सहयोग कर रही है।

जोमैटो छोटे रेस्तरां को प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण, लाइसेंस संबंधी सहायता, कर्मचारियों की भर्ती और स्वच्छता सेवाओं के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। शर्मा जी की चाय की सफलता पारंपरिक स्थानीय कारोबारों के डिजिटल माध्यम अपनाकर विस्तार करने की संभावनाओं को रेखांकित करती है।