
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर / कोलकाता : राजस्थान और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क मजबूत करने की दिशा में सोमवार को खातीपुरा (जयपुर)-टाटानगर-सांतरागाछी नई एक्सप्रेस रेलसेवा का शुभारंभ किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सहित विभिन्न स्थानों से जनप्रतिनिधि जुड़े।
जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी और सांसद मंजू शर्मा ने भी ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई रेलसेवा से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि खातीपुरा में मेगा कोचिंग टर्मिनल बनने से रेलगाड़ियों के रखरखाव और संचालन की क्षमता बढ़ी है, जिससे अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

रेल मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नई रेलसेवा शुरू करने के लिए रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में रहने वाले राजस्थान के लाखों लोगों को इस सेवा से लाभ मिलेगा। उन्होंने गंगासागर को रेल नेटवर्क से जोड़ने का अनुरोध भी किया।
जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि नई ट्रेन से मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार, रोजगार, पर्यटन और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

