
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगरीय निकाय निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा के साथ महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
मंत्री शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन, ज्ञान और उनकी शिक्षाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति को अमूल्य विरासत प्रदान की और भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी शिक्षाएं मर्यादा, नैतिकता और सदाचार का मार्ग दिखाती हैं।

सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका परिश्रम नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में अहम योगदान देता है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र स्वच्छ भारत अभियान के वास्तविक सारथी हैं और उनके श्रम का सम्मान करना सभी का दायित्व है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत अभियान शुरू कर स्वच्छता को जनांदोलन का स्वरूप दिया। स्वच्छ और व्यवस्थित शहर विकसित भारत के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।

लखनऊ की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शहर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान प्राप्त करने के साथ वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में भी प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि शहर में प्रतिदिन लगभग 2,100 टन कचरा निकलता है। इसके वैज्ञानिक प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और निदेशक अनुज कुमार झा ने भी उनके जीवन एवं नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और सफाई मित्रों के योगदान को सम्मान देने पर विशेष जोर दिया गया।
