धनंजय मिश्रा ने गोरखपुर मुख्यालय में संभाला सहायक वाणिज्य प्रबंधक (आईटी एवं रिजर्वेशन) का पदभार

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : गजेटेड संवर्ग के अधिकारी के रूप में धनंजय मिश्रा ने पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (आईटी एवं रिजर्वेशन) के अति-महत्वपूर्ण पद का दायित्व से संभाल लिया है. वाणिज्य लिपिक के रूप में भारतीय रेल में अपने करियर की शुरुआत करने वाले मिश्रा की राजपत्रित अधिकारी तक की यह अनुकरणीय यात्रा निरंतर कड़े परिश्रम, उच्च शिक्षा और व्यावसायिक विकास के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है.

ग्रुप ‘बी’ की ३0 प्रतिशत कोटे की विभागीय परीक्षा के पैनल में रहे प्रथम
मूल रूप से बाराबंकी के हनुमानपुरी के निवासी धनंजय मिश्रा ने वर्ष 1995 में वीसीआरसी के माध्यम से अपनी रेल सेवा का आगाज़ किया था. उन्होंने चयन चक्र 2025–2026 के अंतर्गत ग्रुप ‘बी’ की 30 प्रतिशत कोटे की चयन प्रक्रिया पैनल में संपूर्ण पूर्वोत्तर रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी तीक्ष्ण प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाया. इसके साथ ही, वे 70 प्रतिशत वरिष्ठता कोटे की चयन प्रक्रिया में भी शत-प्रतिशत सफल घोषित किए गए थे.

मथुरा, आगरा, बरेली से आईआरआईटीएम (IRITM) लखनऊ तक रहा लंबा सेवाकाल
वाणिज्य लिपिक से शुरुआत कर अपने शानदार सेवाकाल के दौरान उन्होंने मथुरा, आगरा एवं बरेली स्टेशनों पर विभिन्न जिम्मेदार पदों पर तकनीकी व परिचालन कार्यों का निर्वहन किया. इसके अतिरिक्त, उन्होंने लखनऊ में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) में सहायक प्रबंधक के रूप में भी अपनी विशिष्ट सेवाएं दीं. नई जिम्मेदारी संभालने से पूर्व वे भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में प्रशिक्षण समन्वयक के पद पर कार्यरत थे.

शैक्षणिक रूप से बेहद समृद्ध मिश्रा ने सेवाकाल के बीच ही पीजीडीसीए, एमबीए, तथा प्राचीन इतिहास एवं पर्यटन में स्नातकोत्तर उपाधियाँ मुस्तैदी से हासिल की हैं, जो अन्य रेलकर्मियों को विभागीय प्रतियोगी परीक्षाओं (LDCE) के माध्यम से करियर में प्रगति करने हेतु प्रेरित करेगी. वर्तमान में वे सपरिवार लखनऊ में निवास करते हैं.

Related Articles

Back to top button