
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई: केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से ‘यूए 7+’ सेंसर सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ कल देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
1990 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म सात साल के थॉमस (हृदांश पारेख) की मासूमियत और पारिवारिक रिश्तों की एक दिल छू लेने वाली कहानी है, जो अपने लिए एक छोटा भाई चाहता है। फिल्म में थॉमस के लगातार झगड़ते रहने वाले माता-पिता की मुख्य भूमिका गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल ने निभाई है। फिल्म के लेखन और निर्देशन की कमान कौशल ओझा ने संभाली है, जबकि इसका मधुर संगीत शैलेन्द्र बर्वे द्वारा तैयार किया गया है।
निर्माता रंजन सिंह ने बताया कि यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त है। ‘लिटिल थॉमस’ को ल्यूमिनोसो पिक्चर्स, सिविक स्टूडियोज, गुड बैड फिल्म्स और फ्लिप फिल्म्स के बैनर तले निर्मित किया गया है। इस फिल्म के सह-निर्माताओं की सूची में अनुष्का शाह, रजनिकांत ओझा, चारु ओझा, अनुराग कश्यप, अक्षय ठक्कर और कबीर आहूजा मुस्तैदी से शामिल हैं।
