मुरादाबाद मंडल : ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ भव्य ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुरादाबाद : मुरादाबाद मंडल के ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार 31 अगस्त 2026 को गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य काकोरी रेलवे स्टेशन से जुड़े ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली स्मृतियों तथा काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े अमर क्रांतिकारियों के योगदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके उपरांत अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। इनमें पद्मश्री से सम्मानित कलीमुल्लाह, अमर शहीद अशफाक उल्ला खाँ के प्रपौत्र अफाक उल्ला खाँ तथा महान क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ बख्शी की पौत्री श्रीमती मीता बख्शी शामिल रहीं। सभी विशिष्ट अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में रेलवे में अपनी दीर्घ सेवाएं प्रदान कर चुके सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ए.के. सिंह (सेवानिवृत्त एसएस), ओ.पी. मिश्रा (सेवानिवृत्त एसएस), सतीश श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त सीआरएस), राजपाल सिंह (सेवानिवृत्त सीपीएस) एवं हैदर अली (सेवानिवृत्त एसएस) को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम ने अपने संबोधन में काकोरी ट्रेन एक्शन तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारियों को स्मरण करते हुए कहा कि काकोरी की ऐतिहासिक धरती भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

महोत्सव की प्रमुख गतिविधियां एवं कार्यक्रम

उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुरादाबाद मंडल की टीम द्वारा अतिथियों का तिलक कर स्वागत: उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुरादाबाद मंडल की टीम द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों को तिलक कर कार्यक्रम में स्वागत किया गया।

वंदे मातरम् एवं तिरंगा फ्लैग मार्च :
मुरादाबाद मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं उपस्थित जनसमूह द्वारा तिरंगा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान आकाश में तिरंगे रंग के गुब्बारे उड़ाकर देशभक्ति एवं उत्सव के उल्लास को अभिव्यक्त किया गया।

काकोरी स्टेशन संग्रहालय का अवलोकन :
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने काकोरी रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित संग्रहालय का अवलोकन किया। संग्रहालय में काकोरी ट्रेन एक्शन तथा स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों एवं स्मृतियों को प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर अमर शहीद अशफाक उल्ला खाँ के प्रपौत्र अफाक उल्ला खाँ ने काकोरी जैसी ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने के लिए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

वहीं, महान क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ बख्शी की पौत्री श्रीमती मीता बख्शी ने अपने दादा से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए काकोरी ट्रेन एक्शन से संबंधित ऐतिहासिक घटनाओं एवं स्मृतियों को उपस्थित जनसमूह के साथ साझा किया।

देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम :
उत्तर माध्यमिक विद्यालय, अमेठिया सलेमपुर (काकोरी) के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्रा सुधी आराध्या बाजपेई ने अपनी सुरीली आवाज में देशभक्ति गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक एवं देशभक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति की उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों द्वारा सराहना की गई।

ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं का सम्मान :
काकोरी स्टेशन स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को मंच से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 9 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिनमें कक्षा 6 के 3, कक्षा 7 के 3 तथा कक्षा 8 के 3 विद्यार्थी शामिल रहे।

काकोरी स्टेशन स्थापना दिवस उत्सव एवं केक कटिंग :
काकोरी रेलवे स्टेशन के स्थापना दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों की उपस्थिति में केक काटकर स्टेशन का स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने काकोरी रेलवे स्टेशन से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को याद किया।

सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के संस्मरण :
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने रेलवे में अपनी सेवाओं के दौरान के अनुभव एवं संस्मरण साझा किए। उनके अनुभवों ने कार्यक्रम में रेलवे की कार्य संस्कृति, सेवा भावना एवं समर्पण की झलक प्रस्तुत की।

विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न :
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम द्वारा उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन चरण में उपस्थित सभी लोगों द्वारा राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का सामूहिक गायन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा ने काकोरी रेलवे स्टेशन एवं काकोरी ट्रेन एक्शन के ऐतिहासिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, छात्र-छात्राओं, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों, रेलकर्मियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के विधिवत समापन की घोषणा की।

महेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक – उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल ने बताया कि ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’ ने न केवल काकोरी रेलवे स्टेशन के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायकों के त्याग, साहस एवं राष्ट्रप्रेम की स्मृतियों को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button