इज्जतनगर मंडल – राष्ट्रीय खेल दिवस पर रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में गूंजा खेल भावना का उत्साह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली ; भारत के महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल द्वारा रोड नं. 4 स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम है। नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा तनावमुक्त वातावरण में कार्यक्षमता एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने रेल कर्मचारियों से खेल गतिविधियों में अधिकाधिक भागीदारी करने तथा खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वॉलीबाल प्रतियोगिता में एडमिन टीम एवं रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नं. 4 की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं उत्कृष्ट टीम भावना का प्रदर्शन किया। मुकाबले में रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एडमिन टीम को 3-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने रेलकर्मियों में खेलों के प्रति उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थित खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ाधिकारी, सभी शाखाधिकारी, कोच, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button