
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा लखनऊ मण्डल के रेल कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय ‘नैमिषारण्य धाम भ्रमण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें लखनऊ से नैमिषारण्य तीर्थ स्थल एवं आसपास के पर्यटन स्थलों का 52 रेल कर्मचारियों को कर्मचारी कल्याण निधि द्वारा निशुल्क भ्रमण कराया गया।

वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के दिशानिर्देशन में भ्रमण शिविर के दौरान कर्मचारियों ने नैमिषारण्य के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन किए। इनमें पवित्र चक्रतीर्थ, मां ललिता देवी मंदिर, वेद व्यास पीठ, विष्णु मंदिर एवं हनुमान गढ़ी मंदिर शामिल थे। इन स्थानों की पवित्रता और ऐतिहासिकता को देखकर सभी अभिभूत हो गए।

मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि भ्रमण शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को आध्यात्मिक शांति, प्रकृति के सानिध्य और आपसी सौहार्द का अवसर देना है। नैमिषारण्य का शांत वातावरण तथा वहॉ पर बिताए पल मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
